शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर 80 लाख की ठगी, दो गिरफ्तार

Ads

शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर 80 लाख की ठगी, दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 04:48 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 04:48 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर एक व्यक्ति से ऑनलाइन निवेश के माध्यम से धोखाधड़ी कर करीब 80 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान दिल्ली के करोल बाग निवासी पीयूष कुमार (31) और हरियाणा के गुरुग्राम निवासी जतिन खजोतिया (31) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के तहत धोखाधड़ी से जुड़े लगभग 25 लाख रुपये के शेयर फ्रीज कर दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, इस संबंध में राजेंद्र नगर थाने में मामला तब दर्ज किया गया था जब एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसे भारी मुनाफे की पेशकश करने वाली शेयर बाजार की योजनाओं में बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रलोभित किया गया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, आरोपियों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने विभिन्न लेनदेन के जरिए लगभग 80 लाख रुपये हस्तांतरित कर दिए। लेकिन वादे के मुताबिक मुनाफा और निवेश की गई राशि न मिलने पर शिकायतकर्ता ने पुलिस से संपर्क किया।

अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान, पुलिस ने पैसों के लेन-देन के स्रोत का पता लगाया और धोखाधड़ी में कथित रूप से शामिल व्यक्तियों की पहचान की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी कुमार को दिल्ली के एक पांच सितारा होटल से पकड़ा गया, जबकि खजोतिया को 17 जून को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया।

उसने बताया कि पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश