कोच्चि, आठ मई (भाषा) कोच्चि के एर्णाकुलम जंक्शन रेलवे स्टेशन के पास एक महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में तीन सदस्यीय गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तिरुवनंतपुरम जिले के वर्कला निवासी दानिश (26) और कोल्लम जिले के परवूर निवासी राहुल (39) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि मामले के मुख्य आरोपी संजय की तलाश की जा रही है। वह अलाप्पुझा जिले के अरूर का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना पांच मई की रात उस वक्त हुई जब पीड़िता एर्णाकुलम जंक्शन निकट एक बंद होटल के पास अपने दोस्त के साथ बात कर रही थी, तभी तीनों आरोपी उनके पास पहुंचे और महिला के दोस्त पर हमला कर दिया। उन्होंने चाकू दिखाकर महिला को डराया और उसका यौन उत्पीड़न किया।
पुलिस ने बताया कि महिला किसी तरह वहां से भागने में सफल रही और मदद के लिए पास की एक दुकान पर पहुंची।
इसके बाद पुलिस को तुरंत सूचना दी गई और पीड़िता को थाने ले जाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी घटना के समय अत्यधिक नशे में थे। उन्होंने बताया कि घटना के बाद वे मौके से भाग गये ।
पुलिस ने छह मई को दुष्कर्म, महिला को निर्वस्त्र करने, आपराधिक धमकी और लूटपाट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को बाद में शहर से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन