भीलवाड़ा में हत्या के आरोपी के घर दो जले हुए शव मिले: पुलिस

Ads

भीलवाड़ा में हत्या के आरोपी के घर दो जले हुए शव मिले: पुलिस

  •  
  • Publish Date - April 24, 2025 / 04:47 PM IST,
    Updated On - April 24, 2025 / 04:47 PM IST

जयपुर, 24 अप्रैल (भाषा) राजस्थान के भीलवाड़ा में एक मंदिर के सुरक्षा कर्मी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के घर से बृहस्पतिवार को आंशिक रूप से जले हुए दो शव बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

सुभाष नगर के थानाधिकारी शिवराज सिंह ने बताया कि अयप्पा मंदिर के सुरक्षा कर्मी की हत्या के आरोप में दीपक नायर को बुधवार सुबह गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने कहा कि आज जब पुलिस की टीम उसके घर तलाशी के लिए पहुंची तो वहां दो लोगों के शव मिले, जिनकी पहचान संदीप पुरोहित और मोनू टांक के रूप में हुई है।

सिंह ने कहा कि शव आंशिक रूप से जले हुए थे और कई जगहों पर चोट के निशान थे।

थानाधिकारी के अनुसार मृतक संदीप और मोनू, आरोपी दीपक नायर के दोस्त थे।

सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार तीनों ने मंगलवार रात नायर के घर पर पार्टी की थी। जांच के अनुसार इस दौरान कुछ कहासुनी हो गई और नायर ने संदीप व मोनू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और शवों को जलाने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि शवों को अस्पताल के शवगृह में भेज दिया गया है और आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि आरोपी नायर मंगलवार रात करीब दो बजे अयप्पा मंदिर में घुसा और जब सुरक्षा गार्ड लाल सिंह उठकर अपने कमरे से बाहर आया, तो नायर ने उसे लात-घूंसों से पीटकर धारदार हथियार से उस पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सिंह ने कहा कि नायर शव के पास कुछ देर बैठा रहा और फिर चला गया। उसे बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा पृथ्वी कुंज जोहेब

जोहेब