नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) उत्तरी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने के बाद दो जले हुए शव बरामद किए गए जबकि छह अन्य लोगों को बचाया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को शाम 4.38 बजे बहादुरगढ़ रोड पर बारा टूटी चौक के पास स्थित इमारत की ऊपरी मंजिल पर एक अस्थायी टिन शेड में खिलौनों के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली।
पुलिस ने बताया कि शवों की पहचान बिहार निवासी दुर्खेली शर्मा उर्फ शंकर (60) और रामप्रवेश राय (46) के रूप में हुई है। वे उस इमारत में काम करते थे जिसमें चूड़ियां, खिलौने और पर्स बेचने वाली कई दुकानें भी हैं।
अधिकारी ने बताया कि इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर रहने वाले छह अन्य श्रमिकों को बचा लिया गया।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी और दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) अधिकारियों से जले हुए शव दिखाने की मांग की। उन्होंने बताया कि पत्थरबाजी में एक सरकारी वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
अधिकारी ने बताया, “सूचना मिलते ही पच्चीस दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।”
उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार तड़के 3.20 बजे आग पर काबू पा लिया गया।
उन्होंने बताया कि पास की एक इमारत और नजदीक स्थित एक मस्जिद के रास्ते का इस्तेमाल करते हुए, कर्मियों ने परिसर से छह लोगों को सुरक्षित निकाल लिया।
पुलिस ने बताया कि बचाव अभियान के दौरान केंद्रीयकृत दुर्घटना एवं आघात सेवा (सीएटी) की चार एम्बुलेंस भी घटनास्थल पर तैनात की गई थीं। शवों को सब्जी मंडी मुर्दाघर में भेज दिया गया है।
आग लगने का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की एक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है।
पुलिस ने बताया कि सदर बाजार पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 287 (आग या ज्वलनशील पदार्थ के संबंध में लापरवाही) और 106(1) (लापरवाही से मृत्यु का कारण बनना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश