रायचूर (कर्नाटक), 18 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के रायचूर जिले में शनिवार को खुले मंच पर नाटक के मंचन के दौरान मेहराब का एक हिस्सा गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मानवी तालुक के बैल मरचड गांव में हुई।
उसने बताया कि जब सात लोग मेहराब के नीचे बैठकर नाटक देख रहे थे तभी अचानक ढांचा गिर गया जिससे दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, इन बच्चों की पहचान विश्वनाथ रामलिंग (आठ) और संविता (दो) के रूप में हुई है और दोनों के शवों को मानवी सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
उसने बताया कि इस घटना में विशक्षी (25), लक्ष्मी (18), विशालाक्षी (25), यल्लम्मा (3) और बसम्मा (45) घायल हो गईं। सभी घायलों को रायचूर आयुर्वेद संस्थान में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि मानवी पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा
प्रचेता खारी
खारी