तिरुवनंतपुरम, 19 अप्रैल (भाषा) ‘हिट एंड रन’ मामले में आरोपी अभिनेता मनियनपिल्ला राजू के रक्त परीक्षण के नतीजों से पता चला है कि वह हादसे के समय शराब के नशे में नहीं थे। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह घटना पांच फरवरी की है, जब राजू द्वारा चलाई जा रही एक कार ने तिरुवनंतपुरम में एक दोपहिया वाहन को कथित तौर पर टक्कर मार दी और वह घायल हुए दो युवकों की मदद किए बिना घटनास्थल से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि राजू का रक्त नमूना छह फरवरी को लिया गया था और विश्लेषण के लिए भेजा गया था। म्यूजियम पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह प्राप्त परीक्षण परिणामों से शराब पीकर गाड़ी चलाने का कोई संकेत नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार, घटना के तुरंत बाद राजू को गिरफ्तार कर लिया गया था और बाद में उसे जमानत मिल गई।
पुलिस ने बताया कि रक्त परीक्षण के नतीजे आ जाने के बाद जल्द ही आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।
दुर्घटना के बाद राजू ने पत्रकारों को बताया कि वह घबरा गया था और घर लौट आया था।
पुलिस ने बताया कि लापरवाही से वाहन चलाने, मानव जीवन को खतरे में डालने और दुर्घटना पीड़ितों को लावारिस छोड़ने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
भाषा तान्या गोला
गोला