असम में एक पुलिसकर्मी ने दो सहकर्मियों की गोली मारकर हत्या की

Ads

असम में एक पुलिसकर्मी ने दो सहकर्मियों की गोली मारकर हत्या की

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 02:21 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 02:21 PM IST

रंगिया (असम), तीन सितंबर (भाषा) असम के कामरूप जिले में अंतरराज्यीय सीमा पर नवनिर्मित एक चौकी पर एक पुलिसकर्मी ने बृहस्पतिवार को दो सहकर्मियों की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तड़के असम-मेघालय सीमा पर बोको थाना क्षेत्र में गमेरीमुरा सीमा चौकी पर हुई।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल चिरंजीव चौधरी ने कथित तौर पर अपनी ए के-47 राइफल से गोली चलाई, जिससे उसके दोनों सहकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई।

अधिकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान गमेरीमुरा चौकी के प्रभारी इंद्रजीत बोरा और कांस्टेबल फजरुल अली के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बोको थाना प्रभारी मुन्ना पचानी एक टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

बोको थाना प्रभारी ने बताया, ‘आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के कारणों का अभी पता लगाया जाना बाकी है।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा