ठाणे (महाराष्ट्र), 12 मई (भाषा) ईंधन की खपत कम करने समेत कम खर्च करने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के विरोध में मंगलवार को यहां प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने घुड़सवारी की तथा उनके सहयोगी मनोज प्रधान ने बैलगाड़ी में सफर किया।
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आव्हाड के नेतृत्व में विपक्षी दल के सदस्यों ने पार्टी के शहर कार्यालय से ठाणे नगर निगम (टीएमसी) मुख्यालय तक एक रंगारंग जुलूस की शक्ल में विरोध मार्च निकाला। उस दौरान वरिष्ठ नेताओं ने मोटर वाहनों से परहेज किया।
विधायक आव्हाड सजे-धजे घोड़े पर सवार होकर जुलूस का नेतृत्व करते नजर आये। उनके पीछे पार्टी की नगर इकाई के अध्यक्ष प्रधान बैलगाड़ी में चल रहे थे। यह अपरंपरागत विरोध प्रदर्शन रास्ते में रहने वाले लोगों और राहगीरों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया।
मार्च के दौरान, बड़ी संख्या में महिलाओं समेत प्रदर्शनकारियों ने ईंधन संरक्षण और अन्य नीतिगत मामलों पर प्रधानमंत्री के हालिया बयानों की आलोचना वाली तख्तियां ले रखी थीं। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए तथा महंगाई तथा ईंधन की बढ़ती कीमतों की आलोचना की।
स्थानीय राकांपा (एसपी) के पार्षदों और ठाणे जिला पदाधिकारियों ने भी इस विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।
मार्च के दौरान पार्टी नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि परिवहन का उनका ‘पारंपरिक’ तरीका ईंधन की कीमतों में वृद्धि को नियंत्रित करने में सरकार की अक्षमता का प्रत्यक्ष जवाब था।
भाषा राजकुमार संतोष
संतोष