जालना निकाय में हमले को लेकर शिवसेना विधायक ने भाजपा पार्षद की सदस्यता रद्द करने की मांग की

Ads

जालना निकाय में हमले को लेकर शिवसेना विधायक ने भाजपा पार्षद की सदस्यता रद्द करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 08:43 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 08:43 PM IST

जालना, 12 मई (भाषा) शिवसेना विधायक अर्जुन खोतकर ने जालना महानगर पालिका के स्थायी समिति के अध्यक्ष और उनके समर्थकों पर कथित रूप से हमला करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद की सदस्यता रद्द करने की मंगलवार को मांग की।

जालना पुलिस ने महानगर पालिका परिसर में स्थायी समिति अध्यक्ष अशोक पांगारकर और उनके समर्थकों पर कथित हमले के आरोप में सोमवार को भाजपा पार्षद महावीर ढाका और 10 से 11 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

पुलिस ने बताया कि स्थायी समिति की बैठक में विकास कार्यों के ठेकों पर प्रस्ताव पारित होने को लेकर पांगारकर और ढाका के बीच बहस हुई। उसने बताया कि रॉड और धारदार हथियारों से लैस ढाका और उसके समर्थक महापौर के केबिन में घुस गए और कथित तौर पर पांगारकर पर हमला किया।

खोतकर ने संवाददाताओं से कहा कि अगर ‘‘गुंडे’’ चुनकर आएंगे तो वे इसी तरह की हरकत करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस घटना ने भाजपा के भीतर गुटबाजी को उजागर कर दिया है और दोनों गुटों के बीच की प्रतिद्वंद्विता अब खुलकर सामने आ गई है।

खोतकर ने नगर आयुक्त अंजली शर्मा से मामले की विस्तृत जांच करने और पार्षद की सदस्यता रद्द करने का प्रस्ताव लाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, “भाजपा एक अनुशासित पार्टी के रूप में जानी जाती है, और पार्टी नेतृत्व, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे को इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए और अपने सदस्य के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।”

भाषा

खारी माधव

माधव