एबीवीपी की केंद्रीय कार्य समिति की दो दिवसीय बैठक एक अगस्त से कोच्चि में

एबीवीपी की केंद्रीय कार्य समिति की दो दिवसीय बैठक एक अगस्त से कोच्चि में

एबीवीपी की केंद्रीय कार्य समिति की दो दिवसीय बैठक एक अगस्त से कोच्चि में
Modified Date: July 31, 2026 / 05:38 pm IST
Published Date: July 31, 2026 5:38 pm IST

कोच्चि, 31 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की दो दिवसीय केंद्रीय कार्य समिति की बैठक एक अगस्त से कोच्चि के पास अलुवा में आयोजित होगी। बैठक में शिक्षा, संगठन से जुड़े मुद्दों, देश के राजनीतिक परिदृश्य और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।

एबीवीपी ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि बैठक में संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारी, क्षेत्रीय संगठन सचिव और देशभर के प्रमुख पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।

बयान के अनुसार, बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के कार्यान्वयन की समीक्षा, राज्यों, संभागों और जिलों में संगठन की गतिविधियों, नौ जुलाई को हुए राष्ट्रीय छात्र दिवस के कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान 2026 और छात्र संघ चुनावों की तैयारियों पर चर्चा होगी।

बयान में कहा गया कि संगठन विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में अपनी परिसर इकाइयों को और मजबूत करने पर चर्चा करेगा। इसके साथ ही महिला छात्रों से जुड़े कार्यक्रमों, आदिवासी छात्रों तक पहुंच बनाने के प्रयासों और अन्य संगठनात्मक गतिविधियों की भी समीक्षा की जाएगी।

एबीवीपी कई राष्ट्रीय अभियानों की आगे की रूपरेखा भी तय कर सकता है। इन अभियानों में ‘वंदे मातरम के 150 साल’, संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती, गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस और आपातकाल विरोधी आंदोलन की 50वीं वर्षगांठ से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं।

एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि जगद्गुरु आदि शंकराचार्य की जन्मस्थली के पास स्थित शांतिगिरी आश्रम में होने वाली यह बैठक संगठन की भविष्य की दिशा तय करेगी।

भाषा

प्रचेता पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में