श्रीनगर, 26 नवंबर (भाषा) कश्मीर के अनंतनाग और पुलवामा जिलों में मादक पदार्थ तस्करी के दो अलग-अलग प्रयासों को विफल करते हुए 40 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किया गया। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा फरार है।
प्रवक्ता ने बताया कि अनंतनाग में, आवूरा गांव में जनगणना ड्यूटी पर तैनात पहलगाम पुलिस की एक टीम आवूरा नाले की ओर जा रही थी, तभी उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को बोरियों से लदे एक ठेले को धक्का देते हुए देखा।
प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस की गाड़ी देखते ही वह व्यक्ति गाड़ी छोड़कर पास के जंगल में भाग गया।
पुलिस टीम ने तुरंत ठेला जब्त किया और बोरियों की जांच की, जिसके अंदर उन्हें 24.50 किलोग्राम वजन की आधी सूखी भांग की पत्तियां मिलीं।
एक मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जांच के दौरान, पुलिस ने आरोपी की पहचान आवूरा नाला निवासी गुलाम नबी खटाना के रूप में की। प्रवक्ता ने बताया कि वह फिलहाल फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
इस बीच, पुलवामा में नेवा पुलवामा में एक चौकी पर तैनात पुलिस दल ने रफीक अहमद शाह नामक एक स्थानीय व्यक्ति को रोका।
प्रवक्ता ने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से 16.5 किलोग्राम चरस पाउडर जैसा पदार्थ बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा अमित रंजन
रंजन