कोच्चि, दो जुलाई (भाषा) फिल्म उद्योग में काम करने वाले लोगों को कथित रूप से मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले दो तस्करों को केरल के कोच्चि में चेरानल्लूर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेरानल्लूर निवासी अमल जॉर्ज (33) और वडक्केकरा निवासी अभिजीत (25) के रूप में हुई है।
उसने बताया कि जिला मादक पदार्थ रोधी विशेष कार्रवाई बल (डीएएनएसएएफ) ने चेरानल्लूर में उनके किराये के फ्लैट पर छापा मारा और इस दौरान पुलिस ने उनके पास से 14.63 ग्राम एमडीएमए (मादक पदार्थ) बरामद किया।
पुलिस ने आरोप लगाया कि दोनों कोच्चि में फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों के साथ-साथ चिकित्साकर्मियों को भी मादक पदार्थ की आपूर्ति करते थे।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपी मादक पदार्थ से जुड़े मामलों में पहले भी शामिल रहे हैं और पुलिस उन पर नजर रख रही थी।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उन लोगों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने उनसे कथित तौर पर मादक पदार्थ खरीदे।
चेरानल्लूर पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया है और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
भाषा
सिम्मी वैभव
वैभव