जम्मू-कश्मीर के कठुआ में दो मादक पदार्थ तस्करों के मकान ध्वस्त किये गए

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में दो मादक पदार्थ तस्करों के मकान ध्वस्त किये गए

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में दो मादक पदार्थ तस्करों के मकान ध्वस्त किये गए
Modified Date: July 20, 2026 / 06:33 pm IST
Published Date: July 20, 2026 6:33 pm IST

जम्मू, 20 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सोमवार को नागरिक प्रशासन और पुलिस के एक संयुक्त अभियान में ड्रग तस्कर होने के आरोपी दो भाइयों के दो आवासीय मकानों और एक गौशाला को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 3.5 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की ये इमारतें गुलजार उर्फ ‘दाऊ’ और उसके भाई फरमान अली ने मरहीन तहसील के सपराल पैन गांव में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित की थीं।

उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित कई प्राथमिकी में नामजद हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि प्रशासन द्वारा मादक पदार्थों के खतरे के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर अभियान के तहत नागरिक और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में यह ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) से जुड़े अपराधों से अर्जित धन का इस्तेमाल कर अतिक्रमित सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण करने और उससे लाभ उठाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

प्रवक्ता ने कहा कि जिला प्रशासन और कठुआ पुलिस ने जिले को नशा मुक्त बनाने की अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने चेतावनी दी कि मादक पदार्थों के तस्करों और नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में