नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) उत्तर पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में 12 वर्षीय लड़के को चाकू मारकर घायल करने के आरोप में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात को उस समय घटी जब शिकायतकर्ता अपने 12 वर्षीय चचेरे भाई के साथ मरम्मत के काम के लिए जहांगीरपुरी के ए-ब्लॉक में गया था। वह दो पहिया वाहनों का मैकेनिक है।
जब वे सरकारी स्कूल के सामने बी-ब्लॉक के पास पहुंचे, तो उनके परिचित दो लड़कों ने कथित तौर पर उन्हें रोक लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने दोनों को गलत तरीके से पकड़ लिया और उन पर हमला करना शुरू कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले के दौरान, आरोपियों में से एक ने शिकायतकर्ता पर कथित तौर पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने अपने चचेरे भाई को पकड़ लिया और कथित तौर पर उसकी छाती पर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि एक टीम ने तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया, स्थानीय और अंतरराज्यीय खुफिया जानकारी जुटाई और हमले में शामिल दो नाबालिगों को पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि वे हमले के पीछे के कारणों की जांच कर रहे हैं। अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव