गुजरात में तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पलटी, दो लोगों की मौत 15 अन्य घायल

Ads

गुजरात में तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पलटी, दो लोगों की मौत 15 अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 07:06 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 07:06 PM IST

जूनागढ़ (गुजरात), दो मई (भाषा) गुजरात के जूनागढ़ जिले में एक बस के पलट जाने से दो महिलाओं की मौत हो गई और कम से कम 15 अन्य यात्री घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक नीलगाय अचानक सड़क पर आ गई। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह बस लगभग 40 यात्रियों को लेकर भावनगर से द्वारका और सोमनाथ की यात्रा पर जा रही थी।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह दुर्घटना मंगरोल कस्बे से कुछ किलोमीटर दूर रहीज गांव के पास दोपहर करीब तीन बजे हुई, जब चालक ने सड़क पर अचानक आई नीलगाय को देखा और वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा।

जूनागढ़ के पुलिस उपाधीक्षक डी.वी. कोडियातर ने बताया, “दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों को जूनागढ़ सिविल अस्पताल रेफर किया गया है।”

उन्होंने यह भी बताया कि मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, पीड़ितों की मदद की और प्रशासन को सूचना दी।

पुलिस ने बताया कि पलटी हुई बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए एक खुदाई मशीन (एक्सकेवेटर) का भी उपयोग किया गया।

भाषा रंजन पवनेश

पवनेश