झारखंड के गिरिडीह में मोटरसाइकिल-एसयूवी की टक्कर में दो की मौत
झारखंड के गिरिडीह में मोटरसाइकिल-एसयूवी की टक्कर में दो की मौत
गिरिडीह, 15 जुलाई (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले में बुधवार को एक मोटरसाइकिल और एसयूवी के बीच आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह हादसा तिसरी थाना क्षेत्र के पालमो गांव के पास हुआ।
मृतकों की पहचान इसी थाना क्षेत्र के गुमगी गांव निवासी प्रिंस यादव और विवेक यादव के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 20 वर्ष है।
तिसरी थाना प्रभारी शंभूनंद ने बताया, ‘‘दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी और उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर करीब 20 फुट दूर जा गिरे। प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चचेरे भाई विवेक ने यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।’’
उन्होंने बताया कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिये गये हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसयूवी चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान जारी है।
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


