महाराष्ट्र के बीड में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत

Ads

महाराष्ट्र के बीड में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 01:27 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 01:27 PM IST

बीड (महाराष्ट्र), सात मई (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, अण्णा भाऊ साठे चौक इलाके में बुधवार अपराह्न एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने एक मोटरसाइकल को पीछे से टक्कर मार दी। मोटरसाइकल पर तीन लोग सवार थे।

पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि घटना में सोलापुर जिले की निवासी 45 वर्षीय महिला प्रतीक्षा रामेश्वर चौधरी की मौत हो गई, जबकि उनके भाई और भाभी घायल हो गए।

पुलिस ने बाद में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया।

एक अधिकारी के अनुसार, दूसरी घटना मंगलवार देर रात हुई। उन्होंने बताया कि सोलापुर-धुले राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार सड़क के किनारे बने लोहे के ढांचे से टकरा गई जिससे उसमें सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के समय वाहन के एयरबैग खुलने से आगे की सीट पर बैठे दो अन्य लोगों की जान बच गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आदित्य दिलीप तुलवे के रूप में हुई है। वह बीड तहसील के पेंडगाव का निवासी था।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा