द्वारका एक्सप्रेसवे पर खड़े ‘टैकर’ से टकराया स्कूटर, दो लोगों की मौत, एक घायल
द्वारका एक्सप्रेसवे पर खड़े ‘टैकर’ से टकराया स्कूटर, दो लोगों की मौत, एक घायल
गुरुग्राम, नौ अगस्त (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे फ्लाईओवर पर बिना ‘रिफ्लेक्टर’ या ‘इंडिकेटर’ के खड़े ‘कैंटर’ ट्रक से एक तेज रफ़्तार स्कूटर के टकराने से दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे बीपीटीपी सोसाइटी के पास खड़े एक ट्रक (टैंकर) से एक स्कूटर टकरा गया जिसपर दो महिलाएं और एक व्यक्ति सवार था।
यात्री पंकज स्वामी की शिकायत के अनुसार, ‘कैंटर’ को बिना किसी सड़क सुरक्षा उपकरण (जैसे रिफ्लेक्टर, कोन या इमरजेंसी लाइट) के फ्लाईओवर के बीच में खड़ा कर दिया गया था।
शिकायत में कहा गया है कि अंधेरे में ट्रक के अचानक सामने आ जाने के कारण, स्कूटर सवार उसे देख नहीं पाया और स्कूटर पीछे से उससे टकरा गया।
पुलिस के अनुसार इस टक्कर के कारण स्कूटर सवार तीनों लोग दूर जाकर सड़क पर गिर गये और गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस के मुताबिक राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां रविवार सुबह एक महिला एवं एक पुरुष की इलाज के दौरान मौत हो गयी।
पुलिस का कहना है कि मृत लोगों की पहचान दिल्ली के ककरोला गांव के लक्ष्य गहलोत तथा उत्तम नगर के विकास नगर की निधि के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि तीसरी यात्री महिला अंकिता कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। वह नयी दिल्ली के कोटला विहार की रहने वाली है।
उन्होंने बताया कि लापरवाही से कैंटर खड़ा करने और उससे हुई मौत के मामले में चालक के खिलाफ बजघेड़ा थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हम दुर्घटना वाली जगह के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।’’
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
भाषा राजकुमार अमित
अमित

Facebook


