केरलम के इडुक्की में मिट्टी धंसने से दो लोगों की मौत, एक घायल

केरलम के इडुक्की में मिट्टी धंसने से दो लोगों की मौत, एक घायल

केरलम के इडुक्की में मिट्टी धंसने से दो लोगों की मौत, एक घायल
Modified Date: September 20, 2026 / 07:51 pm IST
Published Date: September 20, 2026 7:51 pm IST

इडुक्की (केरलम), 20 सितंबर (भाषा) इडुक्की जिले के कोट्टाकम्बूर में रविवार को मिट्टी धंसने के कारण एक झोपड़ी गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला घायल हो गई। दमकल एवं बचाव सेवा कर्मियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान वट्टावडा के पास कोट्टाकम्बूर निवासी बालकृष्णन और उनकी बहन चिन्नू के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि बालकृष्णन की पत्नी मरियम्मा भी इस घटना में घायल हो गईं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, बालकृष्णन और उनका परिवार खेतों में काम करने के लिए गए थे, लेकिन तेज बारिश के कारण उन्हें खेत के पास बनी एक झोपड़ी में शरण लेनी पड़ी।

उन्होंने बताया कि बारिश रुकने का इंतजार करते समय रविवार अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे भूस्खलन की चपेट में आने से ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे तीनों लोग उसके नीचे दब गए।

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद झोपड़ी का मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल ले जाते समय बालकृष्णन और चिन्नू की मौत हो गई।

अधिकारियों के अनुसार, इलाके में रविवार सुबह से बारिश हो रही है।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में