बीडीए अंडरपास में मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौत
बीडीए अंडरपास में मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौत
बेंगलुरु, 11 अगस्त (भाषा) बेंगलुरु में मंगलवार को निर्माणाधीन अंडरपास में बड़ी मात्रा में मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
सूत्रों ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब बेंगलुरु विकास प्राधिकरण (बीडीए) द्वारा बनाए जा रहे अंडरपास के लिए करीब 20 फुट गहरी खोदी गई खाई में पांच मजदूर आरसीसी ढलाई से संबंधित काम कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि खाई में जमा पानी को मोटर की मदद से बाहर निकाला जा रहा था, तभी अचानक एक तरफ की मिट्टी धंस गई।
पुलिस ने बताया कि खतरे का अंदेशा होते ही तीन मजदूर वहां से निकलने में कामयाब रहे, जबकि दो अन्य मलबे के नीचे दब गए।
पुलिस के अनुसार, परिमल (31) मिट्टी में दब गए थे और उन्हें मौके पर मृत पाया गया।
उन्होंने बताया कि एक अन्य मजदूर सोनाराम (26) को काफी प्रयासों के बाद बाहर निकाला गया और कनवा अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी चोटों के कारण मौत हो गई।
घायल तीन मजदूरों की पहचान सदानंद, सुनील और इम्तियाज के रूप में हुई है। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
नंदिनी लेआउट पुलिस, दमकल और आपातकालीन सेवा कर्मियों तथा स्थानीय निवासियों ने मिट्टी धंसने की सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस ने बताया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


