इंफाल, छह अगस्त (भाषा) मणिपुर में नौ अगस्त से शुरू हो रहे सप्ताह भर के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान वितरण हेतु लगभग दो लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार रखे गए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मणिपुर सरकार के कला और संस्कृति विभाग के सचिव, नौरेम प्रवीण सिंह ने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि इस साल के अभियान में ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ भी मनायी जायेगी।
उन्होंने कहा कि इसके तहत देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की एक शृंखला आयोजित की जाएगी, जिसका मकसद राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना और परिवारों को गर्व के साथ तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि देशभक्ति का संदेश फैलाने से संबद्ध केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की देशव्यापी पहल के तहत, यह अभियान पूरे राज्य में नौ से 17 अगस्त तक चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर ‘वंदे मातरम्’ विषयक तिरंगा कार्यक्रम 12 अगस्त को आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘वितरण के लिए लगभग दो लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार रखे गए हैं और विभागों से कहा गया है कि वे अपनी ज़रूरतें सामान्य प्रशासन विभाग को सौंपें।’’
सचिव ने बताया कि 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के तहत राज्य और ज़िला प्रशासन यादगार कार्यक्रम और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
भाषा राजकुमार सुरेश
सुरेश