झारखंड के चतरा में दो माओवादी गिरफ्तार

Ads

झारखंड के चतरा में दो माओवादी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 08:24 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 08:24 PM IST

चतरा, चार अगस्त (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)- (माओवादी) के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रतापपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान दोनों को पकड़ा।

उन्होंने बताया कि वे मोटरसाइकिल से भुइयांडीह की ओर जा रहे थे और किसी विध्वंसक गतिविधि को अंजाम देने की कथित रूप से साजिश रच रहे थे।

चतरा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन ने बताया कि गिरफ्तार माओवादियों की पहचान कुंदा थाना क्षेत्र के कोजराम गांव निवासी सुरेंद्र गंझू (22) और करील गांव निवासी संजय गंझू (20) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि सुरेंद्र का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ दो जिलों में दो मामले लंबित हैं।

अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार माओवादियों ने बताया कि वे कथित स्वयंभू ‘जोनल कमांडर’ मनोहर गंझू के दस्ते के सदस्य हैं।

मनोहर गंझू पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित है।

अधिकारी ने बताया कि मनोहर गंझू के निर्देश पर गिरफ्तार माओवादियों को भारी मालवाहक वाहनों में आग लगाने की घटना को अंजाम देने के लिए भेजा गया था।

उन्होंने बताया कि दोनों के पास से एक तमंचा, एक मैगजीन, पांच कारतूस, दो मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, एक लीटर पेट्रोल और एक माचिस की डिब्बी बरामद की गई है।

अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), शस्त्र अधिनियम और सीएलए अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश