नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) पुलिस ने संदीप उर्फ काला जठेड़ी गिरोह के दो कथित सदस्यों को द्वारका से गिरफ्तार कर अवैध हथियार बरामद किए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान अंकित (19) और विनोद उर्फ बौना (28) के रूप में हुई, जो नजफगढ़ के झड़ौदा कलां के निवासी हैं।
उन्होंने कहा कि दोनों को पांच मई की रात को बाबा हरिदास नगर पुलिस थाने की गश्ती टीम ने अर्बन एक्सटेंशन रोड फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अंकित के कब्जे से एक तमंचा और एक कारतूस बरामद किया, जबकि विनोद से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे काला जठेड़ी गिरोह के लिए काम करते हैं।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश