नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई)ने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए)और अन्य संगठनों के कई अधिकारियों की भूमिका पर जांच के दायरे में है, जिनकी पहुंच उस प्रिंटिंग प्रेस तक थी जहां प्रश्नपत्रों की छपाई की गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से धनंजय लोखंड और पुणे से मनीषा वाघमारे को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में गत 24 घंटे के दौरान देश भर में 14 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई उस लीक के स्रोत की पहचान करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिसके कारण स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक लाखों अभ्यार्थियों को भारी निराशा हुई है।
उन्होंने बताया कि अबतक की सीबीआई के मुताबिक इस प्रश्नपत्र लीक कांड में सरकारी कर्मचारियों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा सकता है।
सीबीआई ने राजस्थान के जयपुर से तीन आरोपियों मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल को गिरफ्तार किया था। इनके अलावा हरियाणा के गुरुग्राम से यश यादव को और महाराष्ट्र के नासिक से शुभम खैरनार को पकड़ा गया था।
भाषा धीरज माधव
माधव