नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) होली के दौरान दिल्ली में उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी इलाके में दो परिवारों के बीच हुई कथित झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि यह विवाद रंगीन पानी से भरे गुब्बारे के गिरने से छींटे आने के कारण शुरू हुआ।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान तरुण के रूप में हुई, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान कारण मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर को सूचना मिली कि इलाके के दो परिवारों के बीच झड़प हो गई और दोनों पक्षों के कई लोगों इसमें जख्मी हो गए।
मृतक के परिवार वालों ने बताया कि घर की छत पर होली खेल रही 11 वर्षीय लड़की ने नीचे मौजूद अपने रिश्तेदारों पर पानी का गुब्बारा फेंका। गुब्बारा सड़क पर गिरा और फट गया, जिससे रंगीन पानी की कुछ छींटे दूसरे समुदाय के एक परिवार की महिला पर आ गईं।
तरुण के दादा मान सिंह के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और घटना को लेकर झगड़ा करने लगी। सिंह ने दावा किया कि हालांकि मामला शुरू में शांत होता दिख रहा था, लेकिन बाद में दूसरे परिवार के सदस्य इकट्ठा हो गए और उन्होंने होली मनाने के बाद घर लौटते समय तरुण पर कथित तौर पर हमला कर दिया।
सिंह ने आरोप लगाया, ‘उन्होंने तरुण को बेरहमी से पीटा। जब वह सड़क पर पड़ा था, तब उसकी छाती पर एक बड़ा पत्थर मारा गया।’
पुलिस ने बताया कि तरुण को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
द्वारका जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट ने पत्रकारों से कहा, “हमें यह पता चला है कि झगड़ा गुब्बारे फेंकने से शुरू हुआ था, लेकिन हम मामले की जांच कर रहे हैं। हमने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और कुछ लोगों को पकड़ा है। आगे की जांच जारी है।”
दोनों परिवारों के घायल लोगों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि जांचकर्ता गवाहों के बयानों की जांच कर रहे हैं और अन्य सबूतों की समीक्षा कर रहे हैं ताकि झड़प की वजह बनने वाली घटनाओं का क्रम निर्धारित किया जा सके।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन
रंजन