संबलपुर (ओडिशा), 31 मार्च (भाषा) ओडिशा के संबलपुर जिले में मंगलवार को नवनिर्मित सेप्टिक टैंक के अंदर दो लोगों की दम घुटने से मौत हो गई और दो अन्य बीमार पड़ गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना महुलपाली पुलिस थाना क्षेत्र के केसैबहाल गांव में हुई। मृतकों की पहचान सुशील नायक (40) और भिखारी चरण बेहरा (42) के रूप में हुई है। घटना में बीमार पड़े दो अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि चार मजदूर नवनिर्मित सेप्टिक टैंक में उसके अस्थायी ढांचे को हटाने के लिए दाखिल हुए। पुलिस ने बताया कि हालांकि, इसी दौरान नायक को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। पुलिस ने बताया कि टैंक में ऑक्सीजन की कमी होने के कारण चारों मजदूर बेहोश हो गए।
दमकल कर्मियों ने बाद में चारों मजदूरों को निकाला और उन्हें पास के अस्पताल ले गए, जहां नायक और बेहरा को मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि घटना में बीमार दो अन्य की हालत स्थिर है।
भाषा आशीष अमित
अमित