पुणे, 31 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे में पुलिस ने एक महिला पत्रकार का कथित यौन उत्पीड़न करने के आरोप में मंगलवार को एक कार्यकर्ता व ‘कंटेंट क्रिएटर’ संतोष पंडित के खिलाफ मामला दर्ज किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
संतोष के खिलाफ पार्वती थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
एक टेलीविजन चैनल में काम करने वाली महिला पत्रकार ने बताया कि यह घटना सोमवार को उस समय हुई, जब वह गिरफ्तार स्वयंभू बाबा अशोक खरात के खिलाफ एक प्रदर्शन की रिपोर्टिंग कर रही थीं।
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि एक सामाजिक कार्यकर्ता ने इस प्रदर्शन का आयोजन किया था, जिसमें कई मीडियाकर्मी मौजूद थे।
मौके पर पहुंचे संतोष ने पत्रकारों पर सड़क पर यातायात जाम करने का आरोप लगाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अपशब्द कहना शुरू कर दिया।
संतोष पंडित ने इसके बाद शिकायतकर्ता के पहनावे पर अश्लील टिप्पणियां कीं और फिर उसे अनुचित तरीके से घूरा।
संतोष पंडित सोशल मीडिया पर नागरिक मुद्दों को उठाने के लिए जाने जाते हैं।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75 (यौन उत्पीड़न), 78 (पीछा करना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 351 (आपराधिक धमकी) और 196 (अश्लील कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा जितेंद्र आशीष
आशीष