Kerala BJP Manifesto: हर साल फ्री में 2 LPG सिलेंडर.. बुजुर्गों को मिलेगा 3,000 रुपये पेंशन, भाजपा ने इस राज्य के लिए किया ऐलान, घोषणा पत्र में किए गए ये भी वादे

Ads

हर साल फ्री में 2 LPG सिलेंडर.. बुजुर्गों को मिलेगा 3,000 रुपये पेंशन, भाजपा ने इस राज्य के लिए किया ऐलान, Kerala BJP Manifesto Release For Assembly Election

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 07:46 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 09:52 PM IST

Kerala BJP Menopesto: Image-ANI File

तिरुवनंतपुरम: Kerala BJP Manifesto: भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया, जिसमें जरूरतमंद महिलाओं और 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को आर्थिक सहायता, गरीब परिवारों को हर साल दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर, राज्य में एक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) स्थापित करने और मंदिरों के संरक्षण का वादा किया गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने यहां राजग के एक कार्यक्रम में यह घोषणा पत्र जारी किया।

Kerala BJP Manifesto: घोषणा पत्र में, राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम को कन्नूर से जोड़ने वाले हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क, प्रत्येक परिवार के लिए 20,000 लीटर मुफ्त पानी और मुल्लापेरियार बांध के संबंध में ‘‘तमिलनाडु के लिए पानी और केरल को सुरक्षा’’ का भी वादा किया गया है। घोषणा पत्र जारी करने के बाद, अपने भाषण में नवीन ने दावा किया कि केरल में दशकों से वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की सरकार रहने के परिणामस्वरूप ‘‘राज्य में नगण्य औद्योगिक विकास, आर्थिक ठहराव और राजकोषीय कुप्रबंधन’’ हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों मोर्चों (एलडीएफ और यूडीएफ) के ‘‘मैच फिक्सिंग के खेल’’ के कारण लोगों को भारी कीमत चुकानी पड़ी है। भाजपा अध्यक्ष ने दोनों पर एक विशेष समुदाय के प्रति तुष्टीकरण की नीति अपनाने का भी आरोप लगाया, जिससे अन्य धर्मों और पंथों के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।

नवीन ने घोषणा पत्र का विवरण देते हुए कहा कि गरीब और बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले) परिवारों की प्रत्येक महिला को 2,500 रुपये के मासिक रिचार्ज वाला भक्ष्य आरोग्य सुरक्षा कार्ड प्रदान किया जाएगा, जिसका उपयोग वे दवा दुकानों और किराना दुकानों पर कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, गरीब परिवारों की महिला मुखिया, विधवाओं और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रति माह 3,000 रुपये की कल्याण पेंशन दी जाएगी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हर साल ओणम और क्रिसमस के त्योहार के दौरान गरीब परिवारों को एक-एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि केरल में एलडीएफ और यूडीएफ शासन के तहत मंदिर प्रशासन से जुड़ी समस्याएं हैं और राजग केरल के मंदिरों के प्रबंधन में पारदर्शिता, जवाबदेही और श्रद्धालुओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम देवस्वओम बोर्ड का पुनर्गठन कर शबरिमला, गुरुवायूर और अन्य सभी पूजा स्थलों का संरक्षण करेंगे, ताकि मंदिर प्रबंधन में श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ाई जा सके।’’ राजग के घोषणा पत्र में कहा गया है कि वह शबरिमला सोना चोरी मामले में समयबद्ध सीबीआई जांच के माध्यम से भ्रष्टाचार का खात्मा करेगा। घोषणा पत्र में, शबरिमला मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए व्यापक स्तर पर अवसंरचना विकास कार्य करने के वास्ते ‘‘शबरिमला अवसंरचना विकास मिशन’’ शुरू करने का भी वादा किया गया है। केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होना है। मतगणना 4 मई को होगी।

इन्हें भी पढ़ेंः-