पश्चिम बंगाल के विश्वविद्यालय में एबीवीपी और टीएमसीपी के बीच हुई झड़प में दो छात्र घायल
पश्चिम बंगाल के विश्वविद्यालय में एबीवीपी और टीएमसीपी के बीच हुई झड़प में दो छात्र घायल
कोलकाता, 26 अगस्त (भाषा) कोलकाता के नजदीक बारासात स्थित पश्चिम बंगाल राज्य विश्वविद्यालय परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसीपी) के सदस्यों के बीच झड़प में दो छात्र घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम विश्वविद्यालय के छात्रावास में आगामी ‘रक्षाबंधन’ कार्यक्रम के आयोजन को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में झड़प हुई।
झड़प के दौरान एबीवीपी से जुड़े दो छात्रों पर कथित रूप से हमला किया गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एबीवीपी ने आरोप लगाया कि राजनीति विज्ञान में एमए प्रथम वर्ष का एक छात्र, जो संगठन का सदस्य है, को बातचीत के बहाने छात्रावास में बुलाया गया और तृणमूल छात्र परिषद के कार्यकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट की।
एबीवीपी की बारासात जोन इकाई के सचिव प्रीतम पाठक ने बुधवार को आरोप लगाया, ‘‘अरूप (पीड़ित छात्र) को पहले छात्रावास में बुलाकर पीटा गया। जब हमारे सदस्य वहां गए तो टीएमसीपी कार्यकर्ताओं ने उन पर ब्लेड से हमला किया।’’
उन्होंने दावा किया कि विवाद तब शुरू हुआ जब विश्वविद्यालय प्रशासन ने रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित करने के लिए एबीवीपी के वित्तीय सहायता के अनुरोध को मंजूरी दी।
पाठक ने आरोप लगाया, ‘‘टीएमसीपी ने कार्यक्रम के लिए एबीवीपी को धन दिए जाने पर आपत्ति जताई और सवाल किया कि उन्हें यह पैसा क्यों नहीं मिलना चाहिए।’’
हालांकि, छात्रावास में रहने वाले गियास, रहमत और शरीफ समेत कई छात्रों ने टीएमसीपी से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया। उन्होंने एबीवीपी के सदस्यों पर छात्रावास में घुसकर आम छात्रों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया, ‘‘हम विश्वविद्यालय के सामान्य छात्र हैं और किसी राजनीतिक संगठन से जुड़े नहीं हैं। वे (एबीवीपी सदस्य) छात्रावास में घुसे और हमारे साथ मारपीट की। करीब 10-12 छात्र घायल हुए हैं।’’
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


