तृणमूल के दो नेता अपने खिलाफ मामलों में पुलिस कार्रवाई से संरक्षण के लिए अदालत पहुंचे
तृणमूल के दो नेता अपने खिलाफ मामलों में पुलिस कार्रवाई से संरक्षण के लिए अदालत पहुंचे
कोलकाता, 20 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के फैसले के बाद अपने खिलाफ दर्ज मामलों के संबंध में पुलिस की कार्रवाई से संरक्षण के लिए बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के एक विधायक समेत दो पार्टी नेताओं ने कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया।
कैनिंग पश्चिम के विधायक परेश राम दास के वकील किशोर दत्ता ने मामले में तुरंत सुनवाई की अपील की और अदालत को बताया कि उनके मुवक्किल के खिलाफ 16 मई को छह प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। उन्होंने दावा किया कि कई और प्राथमिकियां दर्ज होने की संभावना है।
तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान पश्चिम बंगाल के महाधिवक्ता रहे दत्ता ने न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की अदालत को बताया कि वह अपने मुवक्किल के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों के संबंध में उनके लिए किसी भी बलपूवर्क कार्रवाई से सुरक्षा की अपील कर रहे हैं।
न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने कहा कि वह बृहस्पतिवार को याचिका पर सुनवाई करेंगे।
दास को दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार 40,000 से अधिक वोटों के अंतर से चुना गया।
हावड़ा जिले के बल्ली से तृणमूल कांग्रेस के चुनाव हारे हुए उम्मीदवार कैलाश कुमार मिश्रा ने पीठ के सामने एक और याचिका दायर की, जिसमें 4 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामले को लेकर जबरदस्ती कार्रवाई से सुरक्षा की अपील की गई थी।
अदालत ने कहा कि यह मामला बृहस्पतिवार के कार्यक्रम के हिसाब से सुनवाई की सूची में आएगा।
भाषा वैभव नरेश
नरेश

Facebook


