बंगाल में 2020 में नड्डा के काफिले पर हमले के मामले में तृणमूल कांग्रेस के दो नेता गिरफ्तार

Ads

बंगाल में 2020 में नड्डा के काफिले पर हमले के मामले में तृणमूल कांग्रेस के दो नेता गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 21, 2026 / 03:46 PM IST,
    Updated On - September 21, 2026 / 03:46 PM IST

कोलकाता, 21 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल में छह साल पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के काफिले पर हुए हमले के मामले में तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं को दक्षिण 24 परगना जिले से गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को दी।

अधिकारियों के अनुसार, उस्ती थाने की पुलिस ने रविवार को रिपोन शेख और संजीब मंडल को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से आग्नेयास्त्र भी बरामद किए।

अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों 10 दिसंबर, 2020 को दक्षिण 24 परगना के शिराकोल में नड्डा के काफिले पर हुए हमले में कथित तौर पर शामिल थे।’’

उन्होंने बताया कि दोनों ‘‘मगराहाट पश्चिम इलाके में तृणमूल कांग्रेस के प्रभावशाली नेता’’ माने जाते है और उन पर ‘‘असामाजिक गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप’’ भी थे।

अधिकारी ने कहा कि दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर 2020 की घटना में उनकी कथित भूमिका का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांचकर्ता आरोपियों के पास से बरामद आग्नेयास्त्रों के स्रोत का भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

वर्तमान में केंद्रीय मंत्री नड्डा वर्ष 2020 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। वह पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए डायमंड हार्बर जा रहे थे, रास्ते में शिराकोल के पास उनके काफिले पर हमला हुआ था।

हमले में भाजपा नेता के काफिले की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं और उनके साथ मौजूद कुछ लोग घायल हुए थे।

घटना के बाद पश्चिम बंगाल में बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था तथा भाजपा और तत्कालीन सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने हमले को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए थे।

भाषा प्रचेता अमित

अमित