झारखंड में अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत
झारखंड में अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत
चाईबासा/गुमला, 29 जून (भाषा) झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम और गुमला जिलों में सोमवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक सरकारी स्कूल की 23 वर्षीय संविदा शिक्षिका समेत दो महिलाओं की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड के राजगांव निवासी वंदना महतो (23) सोमवार सुबह सरकारी इंटरमीडिएट स्कूल में ड्यूटी पर जा रही थीं। इसी दौरान सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। यह पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई।
पुलिस ने ट्रैक्टर की पहचान कर ली है और फरार चालक की तलाश जारी है।
हादसे के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी, जिसे प्रशासन द्वारा मुआवजा और चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद शाम को खोल दिया गया।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भिजवाया गया है।
वहीं, गुमला जिले में घाघरा-नेतरहाट मुख्य मार्ग पर इटकिरी गांव के पास एक एसयूवी की चपेट में आने से मनकुंवर देवी की मौत हो गई।
घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि वह सुबह घर से गोबर फेंकने निकली थीं, तभी यह हादसा हुआ।
दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी, जिसे प्रशासन के आश्वासन के बाद खोल दिया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भिजवा दिया गया है।
भाषा राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


