दिल्ली में कुत्तों के हमले में दो वर्षीय बच्चा घायल

Ads

दिल्ली में कुत्तों के हमले में दो वर्षीय बच्चा घायल

  •  
  • Publish Date - January 24, 2024 / 09:09 PM IST,
    Updated On - January 24, 2024 / 09:09 PM IST

नयी दिल्ली, 24 जनवरी (भाषा) पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर इलाके में दो कुत्तों द्वारा किए गए हमले में दो साल का बच्चा घायल हो गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि सोमवार शाम को हुई घटना के संबंध में कुत्तों के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

इस घटना का सीसीटीवी के जरिये बना एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

वीडियो में मां बच्चे को गोद में लिए हुए कि तभी अचानक एक कुत्ते उस पर हमला करता दिखता है। कुत्ता बच्चे का पैर खींचता नजर आ रहा है। बच्चे की मां उसे बचाने की कोशिश में गिर जाती है और कुछ लोग उसे बचाने आते हैं।

एक अन्य महिला जैसे ही कुत्ते को पकड़कर लड़के और उसकी मां से दूर खींचती है, तभी दूसरा कुत्ता उस पर हमला कर देता है।

पुलिस के अनुसार, घटना में बच्चे की मां को भी चोटें आई हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा,”बुधवार को सोशल मीडिया पर एक बच्चे पर कुत्ते के हमले का एक वीडियो प्रसारित हुआ और पता चला कि यह घटना विश्वास नगर में हुई थी।”

उन्होंने कहा कि पुलिस का एक दल घटनास्थल पर पहुंचा और बच्चे के पिता का बयान दर्ज किया।

अधिकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे अपने बेटे के साथ मंदिर से घर लौट रही थी तभी पड़ोसी के दो कुत्तों ने बच्चे पर हमला कर दिया जिसमें वह घायल हो गया। पड़ोसी ने अपने घर का दरवाजा खुला छोड़ दिया था।

शिकायत के आधार पर कुत्तों के मालिकों यानी एक महिला और उसके पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वहीं, मामले में जांच जारी है।

दिल्ली में बीते तीन सप्ताह में यह इस तरह की तीसरी घटना है।

उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में दो जनवरी को एक पिटबुल कुत्ते ने एक डेढ़ वर्ष की बच्ची पर हमला कर दिया था जिसमें उसकी तीन जगह से हड्डी टूट गई थी और कई टांके आए थे।

एक अन्य घटना में नौ जनवरी को रोहिणी इलाके में सात वर्ष की बच्ची पर उसके पड़ोसी के अमेरिकन बुली कुत्ते ने हमला कर दिया था। हमले में बच्ची को कई चोटें आई थी।

भाषा अभिषेक पवनेश

पवनेश