उदयपुर में पुलिस कांस्टेबल 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

Ads

उदयपुर में पुलिस कांस्टेबल 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 08:55 AM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 08:55 AM IST

जयपुर, 12 मार्च (भाषा) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार देर रात को उदयपुर में एक पुलिस कांस्टेबल को 20,000 रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार उदयपुर शहर के पुलिस उपाधीक्षक की विशेष टीम में तैनात कांस्टेबल नागेंद्र सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।

एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने एक बयान में बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि पुलिसकर्मी नागेन्द्र सिंह, शक्ति सिंह, अर्जुन सिंह व अनिल मीणा आए दिन एकलिंगपुरा अंडरपास के पास स्थित उसके कार सर्विस गैराज की जांच कर रहे हैं और उसे डरा धमकाकर परेशान कर रहे हैं। वे उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं करने और परेशान नहीं करने के एवज में 50,000 रुपये मासिक रिश्वत की राशि की मांग कर रहे हैं। बाद में वे 25,000 रुपये की रिश्वत पर मान गए।

ब्यूरो की टीम ने शिकायत के सत्यापन के बाद बुधवार रात को आरोपी कांस्टेबल नागेन्द्र सिंह को परिवादी से 20,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विशेष टीम के अन्य आरोपी सहायक उपनिरीक्षक शक्ति सिंह, हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह व कांस्टेबल अनिल की तलाश की जा रही है।

भाषा पृथ्वी सुरभि

सुरभि