चेन्नई/तिरुवनंतपुरम/पुडुचेरी, चार मई (भाषा) हाल के वर्षों में शायद सबसे बड़े चुनावी उलटफेर में से एक में प्रसिद्ध तमिल अभिनेता विजय की टीवीके पार्टी सोमवार को तमिलनाडु में अपनी पहली चुनावी जीत की ओर अग्रसर दिखी, वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ 10 साल तक विपक्ष में रहने के बाद केरल में सत्ता में वापसी करता नजर आया।
तमिलनाडु के जिलों के बीच स्थित होने के बावजूद, पड़ोसी पुडुचेरी टीवीके की ‘लहर’ से अप्रभावित रहा और केंद्र शासित प्रदेश में एक बार फिर सत्ताधारी एआईएनआरसी के नेतृत्व वाले राजग को निर्णायक समर्थन मिल रहा है।
केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों और तमिलनाडु में 23 अप्रैल को हुए चुनावों के वोटों की गिनती सोमवार को दोनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में शुरू हुई।
अधिकतर ‘एग्जिट पोल’ के विपरीत, जिन्होंने तमिलनाडु में सत्ताधारी द्रमुक की जीत की भविष्यवाणी की थी, नवोदित पार्टी तमिलगा वेत्री कणगम (टीवीके) 233 सीटों में से 109 सीटों पर बढ़त बनाने की राह पर है। हालांकि पार्टी ने सभी 234 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन सलेम के एडप्पाडी से उसके उम्मीदवार का नामांकन तकनीकी कारणों से खारिज कर दिया गया।
निर्वाचन आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, टीवीके को तीन सीट पर विजेता घोषित किया गया और वह 104 अन्य सीटों पर आगे चल रही है। विजय स्वयं पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व दोनों सीटों पर आगे हैं। पार्टी को अपने दम पर सरकार बनाने के लिए 118 का आंकड़ा पार करना होगा।
द्रमुक, जो आज मतगणना में लंबे समय तक अन्नाद्रमुक से पिछड़ रही थी और तीसरे स्थान पर थी, बाद में दूसरे स्थान पर आ गई, लेकिन पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन चेन्नई की अपनी कोलाथुर सीट से पिछड़ रहे हैं।
केरल में, विपक्षी कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ सत्ता में वापसी करता दिख रहा है।
कांग्रेस ने 140 सदस्यीय विधानसभा में 36 सीटें जीतीं और 27 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि उसकी प्रमुख सहयोगी आईयूएमएल ने आठ सीटें जीतीं। पार्टी 14 अन्य सीटों पर भी आगे बढ़ती दिखी।
पहले चुनाव विश्लेषकों ने माकपा के नेतृत्व वाली 10 साल पुरानी एलडीएफ सरकार को सत्ता से हटाकर यूडीएफ की वापसी की भविष्यवाणी की थी।
सत्ताधारी माकपा ने 19 सीटों पर जीत हासिल की और सात सीटों पर आगे चल रही है।
चेन्नई से लगभग 160 किलोमीटर दूर स्थित और तमिलनाडु के कुड्डालोर और विलुपुरम जिलों से घिरे छोटे से केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में, एआईएनआरसी के नेतृत्व वाला राजग लगातार दूसरी बार सत्ता में आने की राह पर है।
एआईएनआरसी के संस्थापक और मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने थट्टनचावडी सीट बरकरार रखी। भाजपा और अन्नाद्रमुक सहित गठबंधन ने 12 सीटें जीतीं। इस केंद्र शासित प्रदेश में कुल 30 विधानसभा क्षेत्र हैं।
भाषा वैभव मनीषा
मनीषा