त्रिलोकपुरी में अज्ञात व्यक्तियों ने घर घुसकर महिला को पलंग से बांधा, आठ लाख के जेवरात व नकदी लूटी

Ads

त्रिलोकपुरी में अज्ञात व्यक्तियों ने घर घुसकर महिला को पलंग से बांधा, आठ लाख के जेवरात व नकदी लूटी

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 10:05 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 10:05 PM IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में बृहस्पतिवार को दो अज्ञात व्यक्ति एक घर में कथित तौर पर घुस गए और वहां अकेली महिला को पलंग से बांधकर करीब आठ लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 11 बजे की है जब फिरोजा नाम की महिला अपने घर में अकेली थी और मुख्य दरवाजा खुला हुआ था।

पुलिस ने बताया कि मयूर विहार थाने को पूर्वाह्न करीब 11.15 बजे लूट के संबंध में सूचना दी गई, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस को दिए अपने बयान में महिला ने आरोप लगाया कि दो अज्ञात व्यक्ति घर में घुसे, उसे काबू में कर लिया, उसके हाथ-पैर बांध दिए और फिर उसे पलंग से बांधने से पहले टेप और कपड़े से उसका मुंह बंद कर दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने महिला के पर्स से अलमारी की चाबियां लीं, लॉकर खोला और करीब आठ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लुटेरों के भागने के बाद, परिवार के सदस्य और पड़ोसी घर पहुंचे, महिला को मुक्त कराया और पुलिस को सूचित किया।

पुलिस ने बताया कि महिला को मामूली चोटें आई हैं और उसे मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया।

घटनास्थल पर एक अपराध टीम को बुलाया गया और फोरेंसिक जांच, फोटोग्राफी तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने बताया कि घर से उंगलियों के निशान भी एकत्र किए गए हैं।

अधिकारी ने बताया कि मयूर विहार थाने में लूट से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान करने और उनका सुराग लगाने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

अधिकारी ने बताया कि आसपास के इलाकों की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सभी संभावित सुरागों पर काम किया जा रहा है।

भाषा नोमान नोमान प्रशांत

प्रशांत