हैदराबाद, 13 मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने शुक्रवार को तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर पलटवार करते हुए कहा कि झूठे प्रचार से ज्यादा तथ्य मायने रखते हैं।
तेलंगाना सरकार ने आरोप लगाया है कि केंद्र प्रदेश के लिए कुछ नहीं कर रहा है।
गृह राज्य मंत्री ने बताया कि केंद्र ने तेलंगाना के किसानों से 1.25 लाख मीट्रिक टन उड़द, सूरजमुखी और अन्य की एमएसपी पर खरीद के लिए 884 करोड़ रुपये के समर्थन की घोषणा की है और प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत राज्य के लिए 18,213 घरों को मंजूरी दी है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, तेलंगाना को बुनियादी ढांचे, किसानों, आवास और विरासत के लिए मजबूत समर्थन मिल रहा है। झूठे प्रचार से ज्यादा तथ्य मायने रखते हैं।’’
संजय कुमार के अनुसार, चेरलापल्ली से नागरकोइल और कामाख्या तक दो नई अमृत भारत ट्रेनों की घोषणा की गई है, जबकि मुलुगु जिले के दो ऐतिहासिक मंदिरों को एएसआई संरक्षण के तहत राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा मिलने की तैयारी है।
उन्होंने यह भी कहा कि हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक एनएच-167 को चौड़ा करने के लिए 3,175 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
भाषा हक हक वैभव
वैभव