हांसी (हरियाणा), 15 जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पहल से बुधवार को हांसी क्षेत्र के चनौत गांव में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का समाधान हो गया।
केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल द्वारा गांव को मुख्य पेयजल पाइपलाइन से चार इंच का नया ‘टी’ कनेक्शन देने की घोषणा के बाद ग्रामीणों ने अपना दो महीने पुराना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।
इसके लिए संबंधित विभागीय मंजूरी भी दे दी गई है।
हांसी स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) विश्राम गृह में आयोजित बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार की पेयजल पाइपलाइन परियोजना के दौरान चनौत गांव से जुड़े दो प्रमुख मुद्दे सामने आए थे।
उन्होंने बताया कि पहला, ग्रामीणों की मांग थी कि गांव को पास से गुजर रही मुख्य पेयजल पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति की जाए। दूसरा, राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य के कारण पाइपलाइन बिछाने वाले स्थान पर तकनीकी और प्रशासनिक बाधाएं उत्पन्न हो गई थीं, जिससे परियोजना प्रभावित हुई।
उन्होंने कहा कि सरकार ने ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लिया और इस संबंध में तकनीकी विशेषज्ञों तथा विभागीय अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की।
जांच से पता चला कि मुख्य पाइपलाइन की क्षमता पर्याप्त थी और चनौत गांव को अतिरिक्त पानी की आपूर्ति करने से किसी अन्य गांव या इलाके की पेयजल व्यवस्था पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा।
नतीजतन, मुख्य पाइपलाइन से चार इंच की ‘टी’ लाइन लगाने का फैसला किया गया और संबंधित विभाग को जरूरी मंजूरी दे दी गई।
केंद्रीय मंत्री ने साफ किया कि गांव में पीने के पानी की मौजूदा व्यवस्था बिना किसी बदलाव के पहले की तरह ही सुचारू रूप से चलती रहेगी।
नयी चार-इंच की ‘टी’ लाइन एक अतिरिक्त और वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर काम करेगी। भविष्य में, अगर गांव में पानी की मांग बढ़ती है या मौजूदा प्रणाली किसी वजह से पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं कर पाती है, तो नई पाइपलाइन के जरिए अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना से जुड़ी औपचारिकताओं में तेजी लाने, पाइपलाइन के काम में आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर करने और नई ‘टी-लाइन’ बिछाने के काम को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर गांव को पर्याप्त और पीने का साफ पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
इस मौके पर हरियाणा के लोक निर्माण (भवन और सड़कें) और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, हांसी के विधायक विनोद भयाना और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।
भाषा राखी वैभव
वैभव