हैदराबाद, 13 मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार का बेटा भगीरथ पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामले में पूछताछ के लिए बुधवार को पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुआ।
पुलिस ने एक नाबालिग लड़की का कथित यौन उत्पीड़न मामले में भगीरथ को पूछताछ के लिए तलब किया था। इस संबंध में उसके खिलाफ यहां यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की कई टीम भगीरथ की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।
अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को भगीरथ के चाचा के माध्यम से नोटिस पहुंचाया गया था और उसे (भगीरथ) 13 मई को अपराह्न दो बजे यहां पेट बशीराबाद थाने के पुलिस निरीक्षक के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया था।
अधिकारी के अनुसार, वह पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुआ।
भगीरथ ने मामले में अग्रिम जमानत के लिए तेलंगाना उच्च न्यायालय का रुख किया है। इस संबंध में 14 मई को सुनवाई हो सकती है।
अधिकारी ने बताया कि 17 वर्षीय लड़की की मां की शिकायत के आधार पर आठ मई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक भगीरथ उसकी बेटी के साथ रिश्ते में था और उसने उसका यौन उत्पीड़न किया।
पुलिस ने बताया कि पॉक्सो अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा प्रचेता धीरज
धीरज