रामगढ़, 18 फरवरी (भाषा) झारखंड के रामगढ़ जिले में एक ‘कैफे’ खोला गया है जिसे पूरी तरह से ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्य संचालित करेंगे।
उपायुक्त फैज अहमद मुमताज ने मंगलवार को जिला समाहरणालय पार्क में ‘ट्रांसकैफे’ का उद्घाटन किया। यह पहल जिला प्रशासन ने की है और यह कैफे 10 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों का एक समूह संचालित करेगा।
कैफे के उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने कहा, ‘‘ ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को लंबे समय से सामाजिक बहिष्कार और अन्य भेदभाव का सामना करना पड़ा है लेकिन अब समय आ गया है कि हम ठोस कदम उठाकर इन अन्यायों को समाप्त करें।’’
उपायुक्त मुमताज ने कहा, ‘‘ हमारी पहल का उद्देश्य उनकी पहचान और अधिकारों का सम्मान करते हुए उन्हें मुख्यधारा में शामिल करना है। हम एक समावेशी रामगढ़ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं जहां हर व्यक्ति सम्मान, सुरक्षा और अवसर के साथ जीवन जी सके।’’
उपायुक्त ने बताया कि एक स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) का गठन किया गया है, जो इस कैफे का संचालन करेगा।
एसएचजी की अध्यक्ष हिमांशी प्रधान ने कहा कि यह पहल ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को सम्मानजनक तरीके से जीवन जीने में मदद करेगी।
इग्नू से एमबीए कर रही हिमांशी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा उठाए गए कदम समुदाय के समग्र विकास में सहायक होंगे और उनके सामाजिक स्तर को ऊपर उठाने में मदद करेंगे।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा