भुवनेश्वर, 10 जुलाई (भाषा) श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन ने शनिवार को कहा कि पुरी के जिलाधिकारी के पत्र के बाद राजस्थान के सीकर जिला प्रशासन ने 10 जुलाई को प्रस्तावित ‘‘असमय’’ रथयात्रा पर रोक लगा दी है।
पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरविंद पाधी ने कहा कि पुरी के जिलाधिकारी और एसजेटीए के उप मुख्य प्रशासक दिव्यज्योति परिदा के पत्र के आधार पर सीकर के जिलाधिकारी आशीष मोदी ने प्रस्तावित रथयात्रा पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए।
यह रथयात्रा शुक्रवार को विश्व सनातन धर्म सेवा संस्थान और श्री खाटू श्याम मंडल द्वारा आयोजित की जानी थी। यह आयोजन शास्त्रों में निर्धारित तिथि से पांच दिन पहले प्रस्तावित था, जबकि इस वर्ष रथयात्रा का उत्सव 16 जुलाई को मनाया जाएगा।
एसजेटीए ने कहा कि सीकर प्रशासन ने आयोजकों को सूचित किया कि प्रस्तावित रथयात्रा पंचांग और इस पवित्र पर्व से जुड़ी परंपराओं के अनुरूप नहीं है। इसलिए उनसे निर्धारित तिथि से पहले रथयात्रा का आयोजन नहीं करने का अनुरोध किया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में पत्र मिलने के बाद सीकर के जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, स्थानीय तहसीलदार ने भी आयोजकों से पारंपरिक हिंदू पंचांग के अनुरूप नहीं होने वाली निर्धारित तिथि पर रथयात्रा का आयोजन नहीं करने की अपील की।
पुरी मंदिर प्रशासन, अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) समेत कुछ संगठनों द्वारा तय तारीख के अलावा भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आयोजित किए जाने का विरोध कर रहा है।
भाषा आशीष माधव
माधव