उप्र: प्रयागराज में विभिन्न कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा उपायों की जांच शुरू

Ads

उप्र: प्रयागराज में विभिन्न कोचिंग संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा उपायों की जांच शुरू

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 03:39 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 03:39 PM IST

प्रयागराज, 23 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में भीषण आग लगने की घटना के एक दिन बाद मंगलवार को प्रयागराज जिले की विभिन्न तहसीलों में कोचिंग एवं प्रशिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपायों की युद्धस्तर पर जांच शुरू कर दी गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि लखनऊ की घटना के मद्देनजर प्रयागराज की सभी तहसीलों में अग्निशमन अधिकारियों को कोचिंग एवं प्रशिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपायों व उपकरणों की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जांच अभियान के तहत यह देखा जा रहा है कि संस्थानों में अग्निशमन उपकरण लगाए गए हैं या नहीं और अगर लगाए गए हैं तो वे सही ढंग से कार्य कर रहे हैं या नहीं।

शर्मा ने बताया कि इसके अलावा संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों और कर्मचारियों को यह प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है कि आग लगने की स्थिति में वे स्वयं तथा अपने साथियों को सुरक्षित बाहर कैसे निकालें।

उन्होंने बताया, “यह अभियान मंगलवार सुबह से शुरू किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि शिक्षण संस्थानों में जांच की कार्रवाई पूरी होने तक अन्य प्रतिष्ठानों की जांच का कार्य स्थगित रखा जाए।” मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्रतिदिन शाम चार बजे तक जांच रिपोर्ट मांगी गई है।

अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा उपायों में खामियां पाए जाने पर संबंधित संस्थान के संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समयसीमा के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अगर संचालक निर्धारित समयसीमा के भीतर अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जिनमें प्रतिष्ठान का बिजली एवं पानी का कनेक्शन काटना, संस्थान को सील करना तथा संचालक के विरुद्ध मामला दर्ज कराना शामिल है।

भाषा राजेंद्र जितेंद्र

जितेंद्र