उत्तर प्रदेश का एक व्यक्ति पुरानी दिल्ली के पार्क में हत्या के आरोप में गिरफ्तार

Ads

उत्तर प्रदेश का एक व्यक्ति पुरानी दिल्ली के पार्क में हत्या के आरोप में गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 15, 2026 / 06:34 PM IST,
    Updated On - February 15, 2026 / 06:34 PM IST

नयी दिल्ली, 15 फरवरी (भाषा) उत्तरी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में 24 वर्षीय एक युवक को अपने परिचित की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

आरोप है कि नशे की हालत में पीड़ित द्वारा जबरन पैसे लेने की कोशिश करने के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, सात फरवरी को करीब 20-25 वर्ष के एक युवक का शव एक पार्क में लहुलूहान अवस्था में पाया गया था। उसके सिर पर चोट के निशान थे।

घटनास्थल से खून से सना एक बड़ा पत्थर बरामद हुआ।

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिनमें पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और आसपास के बाजारों के कैमरे भी शामिल थे। इसके अलावा सैकड़ों मजदूरों, राहगीरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई।

जांच में पता चला कि व्यक्ति (मृतक) को वारदात से एक रात पहले इलाके में एक अन्य व्यक्ति के साथ आखिरी बार देखा गया था।

संदिग्ध की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिले के निवासी जुनैद खान के रूप में हुई। उसे 12 फरवरी को लेबर चौक से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से घटना के दौरान पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में खान ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वह मृतक को जानता था, जिसे स्थानीय लोग ‘कांचा’ के नाम से पुकारते थे।

पुलिस के मुताबिक, घटना की रात दोनों ने साथ में शराब पी थी। इसी दौरान कांचा ने कथित रूप से खान से पैसे की मांग की और जबरन लेने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हो गया।

आरोप है कि झगड़े के दौरान खान ने उसकी पिटाई की और बाद में पत्थर से सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

भाषा

राखी संतोष

संतोष