बस्ती/अयोध्या (उप्र), सात मई (भाषा) बस्ती जिले के तीन युवक बृहस्पतिवार सुबह अयोध्या यात्रा के दौरान स्नान करते समय सरयू नदी में बह गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पांच दोस्त बस्ती से अयोध्या की यात्रा के लिए निकले थे। घटना सुबह करीब 6:55 बजे हुई जब उनमें से तीन नहाते समय सरयू में गहरे पानी में चले गए और नदी की तेज धारा में बह गए।
लापता युवकों की पहचान अभिषेक सोनी (19), अमित (18) और राज (18) के तौर पर हुई। उनके साथ गए लकी (18) और किशन सोनी (19) ने शोर मचाया और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस टीम और गोताखोर मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाया। हालांकि, लापता तीनों युवकों का पता नहीं चल पाया है।
पुरानी बस्ती थाने के थाना प्रभारी जयदीप दुबे ने बताया कि बृहस्पतिवार को अभिषेक सोनी का जन्मदिन भी था। उसका परिवार जन्मदिन का जश्न मनाने की तैयारी कर रहा था लेकिन त्रासदी की सूचना पर घर में मातम छा गया।
भाषा सं जफर आशीष
आशीष