चंपावत, 29 जून (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में 123.79 करोड़ रुपये की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस दौरान 27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई आठ विकास योजनाओं का लोकार्पण और 96 करोड़ की लागत से बनने वाली नौ नई योजनाओं का शिलान्यास किया।
अधिकारियों ने बताया कि जिन परियोजनाओं को शुरू किया गया उनमें 3.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन शामिल है।
जिम कॉर्बेट ट्रेल परियोजना के तहत विरासत संरक्षण की दिशा में चंपावत जिले के विभिन्न स्थानों पर जिम कॉर्बेट से जुड़े स्थलों का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया।
धामी ने इस मौके पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनसेवा को समर्पित है और हर क्षेत्र में बेहतर विकास कार्य हो रहे है।
उन्होंने कहा कि चंपावत को उत्तराखंड का मॉडल जिला बनाना उनका संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
भाषा सं दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र