देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है उत्तराखंड सरकार: धामी

Ads

देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है उत्तराखंड सरकार: धामी

  •  
  • Publish Date - March 23, 2026 / 06:47 PM IST,
    Updated On - March 23, 2026 / 06:47 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

देहरादून, 23 मार्च (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि चार साल के कार्यकाल में उनकी सरकार राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार के करने तथा प्रदेश के गौरव को पुनर्स्थापित करने के अपने संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

अपनी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर यहां परेड ग्राउंड में आयोजित ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज से चार वर्ष पूर्व प्रदेश की जनता ने मिथक तोड़कर भाजपा की लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी और इसी मैदान में उन्होंने मुख्य सेवक के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी ।

उन्होंने कहा कि उसी समय उन्होंने आंदोलनकारियों के सपनों को पूरा करने तथा उत्तराखंड के गौरव को पुनर्स्थापित करने तक अनवरत काम करने का संकल्प लिया था ।

उन्होंने कहा, ‘‘आज पूरे संतोष और गर्व से मैं कह सकता हूं कि हम संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं और इसके परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं।’’

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2021 में बाबा केदार के धाम से बोले गए शिवोमयी शब्दों कि ’21 वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा’ को चरितार्थ करने के लिए उनकी सरकार निरंतर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने बीते चार वर्षों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल एवं हवाई संपर्क को मजबूत कर नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने का प्रयास किया, तथा विभिन्न नीतियों और योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के समग्र विकास का विजन प्रस्तुत किया ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य ऐसी कई ऐतिहासिक उपलब्धियों का साक्षी बना है जो किसी भी छोटे राज्य के लिए असंभव समझी जाती थीं। उन्होंने इस संबंध में जी-20 की बैठकों, राष्ट्रीय खेलों, वैश्विक निवेशक सम्मेलन आदि का सफल आयोजन का जिक्र किया ।

जनता के सामने अपनी सरकार की प्रगति रिपोर्ट रखते हुए धामी ने कहा कि बीते चार साल में राज्य की आर्थिकी में डेढ़ गुना से अधिक की वृद्धि हुई है, प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई, राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए, स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर साढ़े 1700 हो गई, 2.65 लाख अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनीं और रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है।

उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के लिए उत्तराखंड को केंद्र और नीति आयोग द्वारा जारी विभिन्न सूचकांकों और श्रेणियों में अव्वल स्थानों पर रखा गया है।

धामी ने कहा कि प्रदेश में लाए गए सख्त नकल विरोधी कानून के कारण पिछले चार वर्षों में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली हैं जबकि 100 से अधिक नकल माफिया जेल की हवा खा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून को एक आधुनिक और विकसित शहर बनाने के लिए लगभग 1400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। समारोह में मुख्यमंत्री ने देहरादून के लिए 401 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया ।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के समय केवल घोषणाएं होती थीं लेकिन अब नई कार्य संस्कृति का सूत्रपात हुआ है जहां राज्य सरकार जिस कार्य का शिलान्यास करती है उसे तय समय में पूर्ण कर उसका लोकार्पण भी करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसांख्किीय को संरक्षित रखने का प्रयास कर रही है जिसके लिए धर्मांतरण विरोधी और दंगा विरोधी कानूनों को लागू किया तथा 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को मुक्त कराया है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, छद्म भेष धारण कर लोगों को ठगने वालों के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमि संचालित किया जा रहा है ।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता कानून लागू कर सभी धर्मों के नागरिकों के लिए एक समान कानून लागू किया है, जिसे देशभर के राष्ट्रवादी सोच के लोगों ने सराहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी वर्ष से जुलाई से उत्तराखंड में सभी मदरसों में सरकारी बोर्ड द्वारा मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम ही पढ़ाया जाएगा।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में खनन माफिया हमारे प्राकृतिक संसाधनों से बेरोकटोक खिलवाड़ किया करते थे तथा शराब के लाइसेंस देने के नाम पर भ्रष्टाचार का खुला खेल चलता था और इससे मिलने वाले राजस्व को भी ये डकार लिया करते थे । उन्होंने कहा कि अब सरकार की सख्त और पारदर्शी नीतियों के कारण आबकारी और खनन से पहले की तुलना में कई अधिक गुना राजस्व प्राप्त हो रहा है ।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने कनक चौक से परेड ग्राउंड तक रोड शो में भी हिस्सा लिया ।

भाषा दीप्ति राजकुमार

राजकुमार

ताजा खबर