देहरादून, 27 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रविवार को चारधाम यात्रा लगातार दूसरे दिन स्थगित रही जबकि बारिश से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में कई स्थानों पर भारी बर्फबारी के कारण करीब 136 पर्वतारोही फंस गए हैं, जिनमें कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि फंसे हुए पर्वतारोहियों को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित स्थानों पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद ऋषिकेश के पास नदी में राफ्टिंग भी स्थगित कर दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा क्षेत्र में भारी भूस्खलन की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
केंद्र ने बताया कि पौड़ी जिले के थलीसैंण क्षेत्र में बारिश के कारण एक मकान ढहने से बलवीर सिंह नामक व्यक्ति की मलबे में दबकर मौत हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक, नैनीताल जिले में भी बारिश के कारण दो कच्चे मकान ढह गए, हालांकि पुलिस के अनुसार इनमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के अनुसार, पिथौरागढ़ जिले में मुन्ना बैंड के पास भूस्खलन के कारण मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गया, जिसके बाद रस्सियों की मदद से करीब 500 यात्रियों को सड़क पार कराया गया।
मौसम विभाग ने रविवार को चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत, नैनीताल और पौड़ी जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया था जबकि देहरादून समेत राज्य के शेष आठ जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया था।
राज्य के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार से भारी बारिश जारी है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है।
बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
देहरादून में रविवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब नौ डिग्री कम 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सुबह न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की ओर से जारी आदेश के अनुसार, खराब मौसम को देखते हुए रविवार को भी चारधाम यात्रा स्थगित रही।
यात्रा शनिवार को स्थगित की गई थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए थे।
उन्होंने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने तथा बेहद जरूरी होने पर मौसम व सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने लोगों से स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी परामर्श का सख्ती से पालन करने की अपील भी की थी।
भाषा दीप्ति जितेंद्र
जितेंद्र