उत्तरकाशी सुरंग बचाव अभियन में ड्रिलिंग मशीन में फिर आई कुछ समस्याएं
उत्तरकाशी सुरंग बचाव अभियन में ड्रिलिंग मशीन में फिर आई कुछ समस्याएं
उत्तरकाशी, 23 नवंबर (भाषा) अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ अर्नोल्ड डिक्स ने बृहस्पतिवार शाम को कहा कि उत्तरकाशी में सुरंग में मलबे के रास्ते ड्रिलिंग करने वाली ‘ऑगर’ मशीन में फिर से कुछ समस्याएं आ रही हैं।
सुरंग के रास्ते में लोहे के सरिए मिलने के बाद बुधवार को छह घंटे तक बचाव अभियान बाधित रहा था। उसके कुछ घंटे बाद डिक्स की यह टिप्पणी सामने आई है।
बृहस्पतिवार को अभियान फिर शुरू होने से पहले विशेषज्ञों ने उस अवरोध को दूर कर दिया था।
मशीन में समस्या आने के कारण शुक्रवार दोपहर से मंगलवार रात तक ड्रिलिंग रोक दी गई थी।
डिक्स ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,” ऑगर मशीन में तीसरी बार कुछ समस्या आ रही है। पहले भी ऐसी समस्या आयी थी।”
उन्होंने मौजूदा समस्या के बारे में विस्तार से नहीं बताया और उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि मशीन में समस्या से बचाव अभियान में कितनी देरी होगी क्योंकि अभियान 12वें दिन में प्रवेश कर चुका है।
उन्होंने कहा, ”सुरंग में फंसे हुए मजदूर सुरक्षित और स्वस्थ हैं, ऐसे में जल्दबाजी नहीं करना बहुत आवश्यक है। अगर हम इस तरह की स्थिति में जल्दबाजी करते हैं तो ऐसी चुनौतियां पैदा हो सकती हैं जिनकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते।”
उन्होंने कहा कि बचाव अभियान जोरों पर है और विभिन्न एजेंसियां कई बचाव विकल्पों पर काम कर रही हैं। सुरंग निर्माण संबंधी विशेषज्ञों के एक अंतरराष्ट्रीय संघ के प्रमुख डिक्स परामर्श देने के लिए अभी सिलक्यारा में हैं।
भाषा अभिषेक अविनाश
अविनाश

Facebook


