वैष्णव ने स्टेशन मास्टर की चुनौतियों की समीक्षा की, सुरक्षित व यात्री-केंद्रित परिचालन पर दिया जोर

Ads

वैष्णव ने स्टेशन मास्टर की चुनौतियों की समीक्षा की, सुरक्षित व यात्री-केंद्रित परिचालन पर दिया जोर

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 08:08 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 08:08 PM IST

नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देशभर के 6,000 से अधिक स्टेशन मास्टर के सामने आने वाली समस्याओं और चुनौतियों पर चर्चा के लिए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। शुक्रवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई।

बृहस्पतिवार को आयोजित इस बैठक में मंत्री और अधिकारियों ने एक व्यापक कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया।

इस कार्ययोजना का उद्देश्य स्टेशन मास्टर को अधिक सक्षम बनाना है, ताकि रेलवे परिचालन को अधिक सुरक्षित, प्रभावी और यात्री-केंद्रित बनाया जा सके। रेल मंत्रालय ने बयान में बताया, “समीक्षा के दौरान स्टेशन मास्टर को उनके दैनिक कार्यों में सामने आने वाली परिचालन और प्रशासनिक चुनौतियों की पहचान करने तथा उनकी कार्यक्षमता को मजबूत बनाने के लिए समाधान विकसित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।”

मंत्रालय ने बताया, “स्टेशन मास्टर की भूमिका को और मजबूत बनाने पर भी बैठक में चर्चा की गई। इसके अलावा उन्हें अधिक प्रशासनिक और परिचालन अधिकार देने, करियर में बेहतर प्रगति के अवसर उपलब्ध कराने तथा प्रबंधन के उच्च पदों तक पहुंचने के अधिक अवसर प्रदान करने से जुड़े प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई।” मंत्रालय के मुताबिक, बढ़ती परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बहु-लाइन (मल्टी-ट्रैक) और अत्यधिक व्यस्त रेल खंडों में अतिरिक्त स्टेशन मास्टर की तैनाती पर चर्चा की गई।

मंत्रालय ने बताया, “स्टेशन मास्टर संवर्ग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता की भी समीक्षा की गई और इन रिक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर भरने पर विशेष जोर दिया गया।”

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश