वेणुगोपाल ने सीईसी के इस्तीफे की मांग की, कहा-अखबार की खबर ने राहुल गांधी को सही साबित किया

Ads

वेणुगोपाल ने सीईसी के इस्तीफे की मांग की, कहा-अखबार की खबर ने राहुल गांधी को सही साबित किया

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 10:20 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 10:20 PM IST

पणजी, 23 सितंबर (भाषा) कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और कहा कि सीईसी के सहयोगियों की ओर से जताई गई आपत्तियों से जुड़ी ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की खबर ने साबित कर दिया है कि राहुल गांधी सही बात कह रहे थे।

वेणुगोपाल ने कहा कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर निर्वाचन आयोग के कामकाज से चुनाव प्रक्रिया कमजोर हो रही है।

गोवा के कुंभारजुआ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की ‘गोय राखोन्न यात्रा’ के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वेणुगोपाल ने ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की उस खबर का जिक्र किया, जिसमें निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की ओर से मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने और चुनावी आंकड़ों तक पहुंच समेत मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न फैसलों पर आपत्तियां दर्ज कराए जाने की बात कही गई थी।

वेणुगोपाल ने कहा, “हमें अपने लोकतंत्र की रक्षा करनी है। आज हम स्तब्ध हैं। ‘इंडियन एक्सप्रेस’ ने एक बड़ी खबर प्रकाशित की है, जो गोवा चुनाव से भी जुड़ी है। दो निर्वाचन आयुक्त सामने आए हैं और उन्होंने पत्र लिखे हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को कई बार याद दिलाया कि लोकतंत्र को नष्ट न करें, मतदाता सूची को नष्ट न करें और नये मतदाताओं को परेशान न करें।”

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि गोवा में एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए।

वेणुगोपाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब गोवा के 38 निवासियों ने अपने नाम हटाए जाने को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग में शिकायत की, तो उसने उनके नाम फिर शामिल करने की सिफारिश की, लेकिन निर्वाचन आयोग ने इसकी अनुमति नहीं दी।

उन्होंने कहा, “ज्ञानेश कुमार ने इसकी अनुमति नहीं दी। यह एक उदाहरण है कि भाजपा मतदाता सूची के जरिये क्या कर रही है।”

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि ऐसा पूरे देश में हो रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कहते रहे हैं कि सीईसी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एजेंट’ की तरह काम कर रहे हैं और दावा किया कि भाजपा सरकार द्वारा नियुक्त निर्वाचन आयुक्तों की टिप्पणियों से यह आरोप सही साबित हुआ है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीईसी ज्ञानेश कुमार ने “भारतीय चुनाव प्रणाली को अपने नियंत्रण में लेने” की साजिश की।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन अधिकारी या राज्य निर्वाचन आयोग के पास मतदाता सूचियों तक पहुंच नहीं है, क्योंकि इन्हें दिल्ली स्थित निर्वाचन आयोग के आईटी विभाग द्वारा नियंत्रित किया जाता है।

वेणुगोपाल ने दावा किया कि इन सूचियों में केंद्रीय स्तर पर हेरफेर किया जा सकता है।

उन्होंने कहा, “देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।”

अगले साल होने वाले गोवा विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि गोवा के लोग शिक्षित हैं और लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित गोवा में कांग्रेस के फिर से सत्ता में आने का भरोसा जताते हुए कहा, “यह सबसे शिक्षित राज्य है। यहां के लोग कभी भी पाखंड, तानाशाही… को स्वीकार नहीं करेंगे।”

भाषा अमित पारुल

पारुल